भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ तेज, प्रीतम सिंह ने साधा निशाना

Share on Social Media



देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में आयोजित की जा रही ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ के तहत आज चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का शुभारंभ किया गया। इसके तहत राजपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रातः 11 बजे कांग्रेस कार्यालय से गांधी पार्क, घंटाघर और पलटन बाजार होते हुए राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पदयात्रा निकाली गई। वहीं, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में इंदर बाबा मार्ग, कैनाल रोड से वैली गैस तक पदयात्रा आयोजित की गई। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग कर भाजपा सरकारों की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के शासन में उत्तराखंड की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन और डबल इंजन सरकारें जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही हैं। प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के बजाय उनके सपनों को कुचलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र को संरक्षण मिल रहा है, जबकि आम जनता अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष करने को मजबूर है।

उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराधों की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग आज भी उत्तराखंड की जनता के बीच एक ज्वलंत मुद्दा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा सरकार महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में विफल रही है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के चलते महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। वहीं, बेरोजगारी के कारण युवाओं के सामने आजीविका का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों की नीतियां आम जनता के बजाय चुनिंदा पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का उद्देश्य जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना, अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करना और भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करना है। कांग्रेस पार्टी महिला, युवा, छात्र, किसान, मजदूर और बेरोजगार सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेशभर में आयोजित ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ के अंतर्गत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने बड़ी संख्या में भागीदारी करते हुए भाजपा सरकारों की जनविरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी, छात्र विरोधी, किसान विरोधी, मजदूर विरोधी और बेरोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *