देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में प्रतिभाग कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के विकास, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण, पूर्व सैनिकों के कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में राज्यपाल के योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का कार्यकाल प्रदेश के लिए प्रेरणादायी रहा। उनके अनुभव, दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन से विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक संवाद एवं विकास को प्रोत्साहन मिला। उन्होंने राज्यपाल के सरल व्यवहार, सौम्य व्यक्तित्व और उत्तराखण्ड के प्रति आत्मीय लगाव को भी सराहा।
इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन और प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड का राज्यपाल होना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही। उन्होंने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और लोगों से मिले स्नेह एवं सहयोग को अपने कार्यकाल की अमूल्य स्मृति बताया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
