हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के लोगो, वेबसाइट और आधिकारिक गीत का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

Share on Social Media

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कुंभ की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने, श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराने और कुंभ के आगमन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। यह आयोजन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक है। राज्य सरकार हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से इस महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सकेगा। डिजिटल माध्यमों के उपयोग से श्रद्धालुओं और आगंतुकों तक कुंभ से संबंधित आवश्यक जानकारियां पहुंचाना आसान होगा। साथ ही, कुंभ की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी सूचनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी इन माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

हरिद्वार की धार्मिक पहचान और सनातन परंपरा को दर्शाता है आधिकारिक लोगो

हरिद्वार कुंभ मेला-2027 का आधिकारिक लोगो शहर की धार्मिक पहचान, मां गंगा के प्रति श्रद्धा और सनातन संस्कृति की विशिष्टताओं को समाहित करता है। लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य छटा को दर्शाया गया है। इसके साथ ही भगवान शिव की प्रतिमा, साधु-संतों, सनातन परंपरा के प्रतीक त्रिशूल एवं डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी स्थान दिया गया है। इन प्रतीकों के माध्यम से हरिद्वार की आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य को एक साथ प्रस्तुत किया गया है।

कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो के डिजाइन के लिए मेला प्रशासन ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से प्रविष्टियां आमंत्रित की थीं। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से 13 श्रेष्ठ एवं मौलिक डिजाइनों पर चयन समिति ने विचार किया। इसके बाद हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र के विकास नगर निवासी मधु शर्मा द्वारा तैयार किए गए डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसी डिजाइन के आधार पर हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो को अंतिम रूप दिया गया। यह पहल प्रदेश के युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य के महत्वपूर्ण आयोजनों से जोड़ने की दिशा में भी उल्लेखनीय है।

आधिकारिक वेबसाइट से मिलेगी कुंभ से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी

हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री ने किया। इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं, आगंतुकों और आमजन को कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराई जा सकेंगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आयोजन से जुड़ी सूचनाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। साथ ही, हरिद्वार की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने में भी वेबसाइट उपयोगी साबित होगी।

कुंभ के आधिकारिक गीत में गूंजेगी आस्था और उल्लास की स्वर लहरियां

कार्यक्रम में कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक गीत का लोकार्पण विशेष आकर्षण रहा। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की प्रसन्नता, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को अभिव्यक्त करता है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने इस गीत की रचना करने के साथ ही इसका संगीत तैयार किया और गायन भी किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के आध्यात्मिक वातावरण, धार्मिक उल्लास और भारतीय सनातन परंपरा की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत,  सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास,भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित,एसएसपी  नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *