नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तराखण्ड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत प्रस्तावित सड़कों के निर्माण एवं उनकी स्वीकृति को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से 315 सड़कों के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को सड़क संपर्क से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 315 सड़कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे हैं। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क सुविधा से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनका दैनिक जीवन अधिक सुगम हो सकेगा।
धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों, पर्वतीय क्षेत्रों की दुर्गम बसावटों और सीमांत इलाकों की विशिष्ट आवश्यकताओं को देखते हुए सड़क संपर्क का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही, कृषि एवं स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना आवश्यक है। सड़कें न केवल आवागमन का माध्यम हैं, बल्कि ये शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों तक पहुंच सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास की मुख्यधारा से दूर रह गई बसावटों को भी लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड सरकार की ओर से भेजे गए सड़क निर्माण के प्रस्तावों पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित सड़कों को स्वीकृति मिलने और निर्माण कार्य पूरा होने से प्रदेश की 610 बसावटों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा उत्तराखण्ड के ग्रामीण विकास को नई गति प्राप्त होगी।
