हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित प्रांतीय व्यापार सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने व्यापारियों के हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार मानती है और उनके लिए सुरक्षित, पारदर्शी एवं सुविधाजनक व्यावसायिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, प्रत्येक व्यापारी राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
मुख्यमंत्री ने व्यापारी हितों से जुड़ी आठ घोषणाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और सरकार के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा तथा उनकी नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें। पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके साथ ही पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकें।
धामी ने चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों एवं नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने तथा व्यापार और निवेश से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। उत्तराखण्ड सरकार भी व्यापारियों और उद्यमियों को सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखण्ड स्टार्टअप नीति लागू की गई है तथा 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। सरकार औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित रखने के बजाय पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के व्यापारियों को स्थानीय बाजारों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान स्थापित करने के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए व्यापार से जुड़ी प्रक्रियाओं का सरलीकरण, निवेश को प्रोत्साहन और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्मारिका का विमोचन किया तथा व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्या, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी श अरविंद कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
