देहरादून। कैंट विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की जनसंपर्क गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व राज्यमंत्री नवीन जोशी ने गुरुवार को प्रेमनगर पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों से जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।
जनसंवाद के दौरान नवीन जोशी ने कहा कि कैंट विधानसभा की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि लगातार क्षेत्र में जनसंवाद के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिल रहा है। क्षेत्रवासी बेहतर मूलभूत सुविधाओं, विकास और लंबित जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र के नागरिकों ने जिस आत्मीयता और खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव उनके समक्ष रखे, उससे यह स्पष्ट होता है कि जनता के साथ सीधा संवाद क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कैंट विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर जनता की आवाज को सुना जाए और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाए।
नवीन जोशी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता निरंतर जनता के बीच रहकर स्थानीय समस्याओं और जनहित के विषयों को सामने लाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क केवल चुनाव के समय तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद एवं सहभागिता बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि जनता के सुझावों, सहयोग और सहभागिता के साथ कैंट विधानसभा के विकास की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा।
जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से नवीन जोशी को अवगत कराया।
इस अवसर पर ट्विंकल अरोड़ा, वीरेश कुमार शर्मा, सुशीला, बेलवाल शर्मा, वरुण कुमार, रिजवाना, कमला, राजेश शर्मा सहित स्थानीय नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
