‘सेवा संकल्प’ अभियान जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर सरकार का विशेष जोर: मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखण्ड में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान लगातार उपयोगी साबित हो रहा है। अभियान के माध्यम से प्रदेशभर से प्राप्त जनशिकायतों को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समयबद्ध निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। इससे शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होने के साथ ही जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को भी गति मिली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य जनसेवा और सुशासन है। आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ अभियान को केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि प्रत्येक शिकायत के समाधान और उसकी गुणवत्ता की निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। ‘सेवा संकल्प’ जैसे अभियानों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख पा रहे हैं। इससे शासन-प्रशासन को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी प्राप्त हो रही है और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जा रहा है। संबंधित विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ तभी है, जब सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरल एवं सुलभ व्यवस्था उपलब्ध हो। राज्य सरकार इसी भावना के साथ ‘सेवा संकल्प’ अभियान को प्रभावी बनाते हुए जनसेवा को प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को निर्धारित माध्यमों से सरकार के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी के साथ-साथ उसका संकल्प भी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *