गढ़वाली फिल्म ‘चिरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च,कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दी पूरी टीम को शुभकामनाएं

Share on Social Media


देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति, लोक निर्माण, मंत्री सतपाल महाराज ने आज एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी गढ़वाली फीचर फिल्म ‘चिरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म निर्माता धीरज पप्पू सिंह, निर्देशक देबू रावत सहित फिल्म की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि फिल्में केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज, संस्कृति, परंपराओं और हमारी जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी हैं। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियां, हरे-भरे वन, नदियां, झीलें, घाटियां, गांव और हमारी समृद्ध लोक परंपराएं उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक गंतव्य बनाती हैं। राज्य सरकार प्रदेश को फिल्म शूटिंग के लिए सुविधाजनक और बेहतर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

महाराज ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड में अधिक से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज तथा अन्य ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स की शूटिंग हो। इससे उत्तराखंड की खूबसूरती देश-दुनिया तक पहुंचेगी और स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि ‘चिरा’ फिल्म पहाड़ के सरल जीवन और बदलते समय के बीच खड़े उन लोगों की भावनाओं को सामने लाती है, जो अपने सपनों, रिश्तों और अपनी जड़ों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करते हैं। फिल्म में शिवानी भंडारी, नियू फर्स्वाण और सूरज कोटनाला सहित अनेक अनुभवी एवं प्रतिभाशाली कलाकारों का अभिनय इसे जीवंत बनाता है।

महाराज ने कहा कि ‘चिरा’ पहाड़ की मिट्टी, रिश्तों की गर्माहट और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली एक भावनात्मक सिनेमाई यात्रा है, जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक करेगी और उन्हें अपनी मिट्टी से जुड़ाव का अहसास कराएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म दर्शकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाएगी और देश-विदेश के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।

इस अवसर पर लोक गायक एवं कलाकार नरेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक कलाकार एवं फिल्म से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *