सतपुली ,पौड़ी गढ़वाल। श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण को लेकर श्रम विभाग द्वारा प्रदेशभर में चलाया जा रहा अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में अब तक 2,779 से अधिक श्रमिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण पूरा नहीं हो जाता, तब तक शिविरों का आयोजन जारी रखा जाए।
न्याय पंचायत सतपुली स्थित वेडिंग प्वाइंट में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र में शिविर लगाकर श्रमिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाने का प्रयास कर रही है। मनरेगा के लगभग 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। 90 दिन कार्य करने वाले पात्र मनरेगा श्रमिक भी बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण का समय पर नवीनीकरण न होने पर श्रमिक का पंजीकरण निष्क्रिय हो जाता है, जिससे वह विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक पात्र श्रमिक का पंजीकरण और नियमित नवीनीकरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं। प्रदेश के निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘श्रम एव जयते’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार का प्रयास है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों का समय बढ़ाकर प्रत्येक पात्र श्रमिक का पंजीकरण एवं नवीनीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बोर्ड के माध्यम से संचालित पुत्री विवाह अनुदान, बच्चों की शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता तथा दुर्घटना की स्थिति में सहायता राशि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों को समयबद्ध रूप से मिलना चाहिए।
महाराज ने श्रमिकों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा, “आपका श्रम ही हमारे प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है। आपकी खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।”
इस दौरान उन्होंने भाजपा संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्रीय जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। शिविर में अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सर्वेंद्र, जिला मंत्री वृजमोहन रावत, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र रावत, दिगम्बर रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, मंडल अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा पुष्पा असवाल,सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।