देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल ऐप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया।
उन्होंने ऐप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इस दिशा में ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ जैसी पहल किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी एवं अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी के साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स की सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
ऐप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने की सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। समिति के अनुसार, ऐप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, ताकि कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को आवश्यक डिजिटल सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल एवं सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे।