देहरादून। पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नामित सेक्टर अधिकारियों द्वारा नगर निगम क्षेत्र में लगातार चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी एवं नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार सैनी के नेतृत्व में वार्ड-78 टर्नर रोड के मुन्नी चौक एवं आईएसबीटी बस स्टैंड मार्केट में सघन जांच अभियान चलाया गया। टीम ने 38 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान 06 प्रतिष्ठानों में करीब 19 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर संबंधित संचालकों से कुल 9,500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया। प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री को मौके पर जब्त करते हुए संचालकों को भविष्य में इसका उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। वहीं, एक मांस विक्रेता द्वारा एक्सपायर लाइसेंस के साथ मांस विक्रय किए जाने पर उसे नगर निगम से वैध लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान व्यापारियों एवं आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने की अपील की गई।
जिलाधिकारी द्वारा नामित 50 सेक्टर अधिकारी नगर निगम के विभिन्न वार्डों में लगातार निगरानी एवं कार्रवाई कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि देहरादून को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने तक अभियान निरंतर जारी रहेगा।