पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, उत्तराखण्ड के 8.08 लाख किसानों को मिले ₹161.96 करोड़: मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में ₹18,690 करोड़ की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इसमें उत्तराखण्ड के 8.08 लाख से अधिक किसानों को ₹161.96 करोड़ की सम्मान निधि प्राप्त हुई।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल देने की महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निःशुल्क सिंचाई, पॉलीहाउस निर्माण, प्राकृतिक खेती, बागवानी, मोटे अनाज और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं में 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि को जलवायु अनुकूल बनाने के लिए ₹1,000 करोड़ की रेन-फेड फार्मिंग परियोजना स्वीकृत की गई है। वहीं धान और गेहूं खरीद के लिए अनुपूरक बजट में ₹1,100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सरकार कोल्ड स्टोरेज, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए भी कार्य कर रही है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आपदा प्रभावित किसानों को निर्धारित सहायता के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से भी आर्थिक मदद देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चौधरी, सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनन्द श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *