
देहरादून 12 फरवरी। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में सफल रही। देहरादून में गांधी पार्क से उत्तराखंड सचिवालय तक विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया तथा देश के राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया गया।

सीटू, एटक, इंटक से संबद्ध यूनियनों एवं बस्ती बचाओ आंदोलन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में गांधी पार्क में एकत्र हुए। रैली राजपुर रोड, घंटाघर और ऐसलेहॉल होते हुए सचिवालय की ओर बढ़ी, जहां पुलिस ने रैली को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद सभी आंदोलनकारी सड़क पर बैठकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठ गए।

धरने से पूर्व हुई सभा में वक्ताओं ने मोदी सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों की तीखी आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि कोरोना काल में संसद सदस्यों को निलंबित कर 44 श्रम कानूनों को समाप्त करते हुए चार श्रम संहिताएं लागू की गईं, जो पूरी तरह पूंजीपतियों के हित में हैं और मजदूरों को गुलामी की ओर धकेलने वाली हैं।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार मजदूरों पर हमले के साथ-साथ किसानों पर भी लगातार प्रहार कर रही है। अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील से भारतीय किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएंगे। साथ ही मोटरयान अधिनियम 2023 को परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए बेरोजगारी बढ़ाने वाला बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की गई।
इस अवसर पर आशा, आंगनवाड़ी, भोजन माताएं, बैंक कर्मचारी, ऑटो व ई-रिक्शा चालक, बस्ती बचाओ आंदोलन, चाय बागान संविदा श्रमिक, बिजली विभाग के कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में मजदूर और कर्मचारी मौजूद रहे। महिला संगठनों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
सभा को सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, प्रांतीय सचिव लेखराज, पूर्व कैबिनेट मंत्री व इंटक के प्रांतीय अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट, एटक के प्रांतीय महामंत्री अशोक शर्मा, बस्ती बचाओ आंदोलन के अनंत आकाश, किसान सभा के दलजीत सिंह व बलबीर सिंह, इंटक जिलाध्यक्ष अनिल कुमार, वीरेंद्र नेगी, बैंक यूनियनों से विजय गुप्ता, बैफी से जितेंद्र तोमर, एआईबीए के अध्यक्ष अनिल जैन, सीटू उपाध्यक्ष भगवंत सिंह, पायल रविंद्र नौटियाल, राम सिंह भंडारी, जनवादी महिला समिति की प्रांतीय उपाध्यक्ष इंदु नौढ़ियाल, उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे, आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन की प्रांतीय संयोजक चित्रा व ज्योतिका पाण्डेय, उत्तराखंड भोजन माता कामगार यूनियन की महामंत्री मोनिका, एटक के प्रांतीय उपाध्यक्ष समर भंडारी, ऑटो रिक्शा यूनियन से मनिंदर बिष्ट, जगदीश, इंटक से अभिषेक भंडारी, एसएफआई के प्रांतीय सचिव शैलेन्द्र परमार, हिमांशु चौहान कुड़ियाल सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
प्रांतीय सचिव लेखराज ने जानकारी दी कि विकासनगर, मसूरी, ऋषिकेश सहित अन्य क्षेत्रों में भी हड़ताल कर प्रदर्शन किए गए, जिससे यह स्पष्ट है कि मजदूर, किसान और कर्मचारी वर्ग मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार है।
