ऐतिहासिक राजभवन घेराव की सफलता पर कांग्रेस नेतृत्व का आभार

Share on Social Media


देहरादून16 फरवरी। प्रदेश में लगातार ध्वस्त होती कानून व्यवस्था,महिला अपराध,बेरोजगारी, महंगाई तथा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजभवन घेराव कार्यक्रम आयोजित कर अपनी एकजुटता तथा शक्ति का जोड़दार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार को ललकारा है।

प्रदेश के कोने-कोने से परेड ग्राउंड में इकट्ठा हुए हजारों कार्यकर्ता जोश और उत्साह के साथ पैदल मार्च कर जुलूस की शक्ल में अस्ली हाल होते दिलाराम से सालावाला तथा हाथीबड़कला पहुंचे जहां पर पहले से मौजूद पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की इस पर कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई।

कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल तथा प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रीतम सिंह ने महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई और जंगली जानवरों के हमलों के विरुद्ध आयोजित ऐतिहासिक राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस जोश और एकजुटता के साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में परेड ग्राउंड में जुटे, उससे पार्टी संगठन को आने वाले समय में निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अधिक ताकत के साथ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और अलोकतांत्रिक रवैये का जवाब देने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोंकने का काम किया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार जताते हुए कहा कि इस आंदोलन ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिला दिया है।

कांग्रेस नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का लाभ आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और प्रदेश की जनता तानाशाही, जनविरोधी नीतियों व कुशासन से निजात पाऐगी।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की अध्यक्षा अलका लांबा, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,हरक सिंह रावत, वर्तमान विधायक तथा पूर्व विधायक समेत हजारों की तादाद में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *