

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज प्रातः कुठाल गेट, साईं मंदिर, दिलाराम चौक सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्ता सहित पूर्ण किया जाए तथा मानसून से पूर्व सभी कार्य सुनिश्चित रूप से पूरे किए जाएं।
डीएम बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से पहली बार कुठाल गेट, साईं मंदिर, दिलाराम चौक जैसे महत्वपूर्ण चौराहों का पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण एवं साइड रोड का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य एक साथ ट्रैफिक की सुगमता, जन सुरक्षा और पारंपरिक लोक संस्कृति के दर्शन को समाहित करता है।
डीएम ने बताया कि कार्यों की योजना पहले ही डिज़ाइन, सर्वे एवं कॉन्सेप्ट के स्तर पर तैयार कर ली गई थी और वे स्वयं धनराशि के समुचित प्रबंधन हेतु लगातार प्रयासरत रहे। दो प्रमुख चौराहों पर दो अतिरिक्त मोटरेबल स्लिप रोड भी तैयार की जा रही हैं, जिससे यातायात में भारी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थल पर जनशक्ति, सामग्री और मशीनरी की संख्या दोगुनी की जाए तथा तीनों प्रमुख कार्यों को मानसून से पूर्व हर हाल में पूरा किया जाए।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक डीएम बंसल स्वयं पूरे अमले के साथ ग्राउंड ज़ीरो पर उपस्थित रहे और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। धीमी प्रगति और श्रमिकों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों के लिए दिन-रात की अनुमति दी गई है, ऐसे में धीमी प्रगति अस्वीकार्य है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे दिन और रात दोनों समय औचक निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
आज के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दिलाराम चौक, कुठाल गेट, साईं मंदिर, मसूरी डायवर्जन, कैंट रोड, ओएनजीसी चौक और शिमला बाईपास आदि स्थलों का दौरा कर निर्माण और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों का जायज़ा लिया।
प्रथम बार इन चौराहों पर पारंपरिक पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। इससे न केवल ट्रैफिक की व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि चौराहों को राज्य की लोक संस्कृति, कला और आंदोलनकारियों की स्मृतियों से भी सजाया जाएगा। यह प्रयास देहरादून को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से एक नई पहचान देगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी तीरथपाल सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह तथा पुलिस एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।